
Jamshedpur. जमशेदपुर के साकची आमबगान रोड पर रविवार सुबह ट्रैफिक चेकिंग के दौरान विवाद हो गया. ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवक गिरकर घायल हो गए. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. जानकारी के मुताबिक, आमबगान रोड पर ट्रैफिक पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की गई. इसी क्रम में दोनों युवक बाइक से गिर गए और घायल हो गए. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी बाइक सवार युवकों को रोकने के लिए पीछा कर रही थी. इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए. हालांकि, घटना किस तरह हुई, इसे लेकर पुलिस की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी. इसलिए हादसे की वजह को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है.
मौके पर जुटी भीड़, विरोध
दो युवकों के घायल होने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. लोगों ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग और वाहनों को रोकने के तरीके पर सवाल उठाते हुए विरोध किया. विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.
