Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: मानगो गोलचक्कर के पास अनियंत्रित बस ने दो बाइक को रौंदा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Jamahedpur. जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। टाटा से भागलपुर जा रही शंकर पार्वती यात्री बस मानगो गोलचक्कर के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बस पारडीह रोड की ओर मुड़ गई और सिंधी होटल के पास सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।

वहीं, किसी राहगीर या यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। दोनों बाइक बस के नीचे फंस गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस वक्त हादसा हुआ उस समय सड़क पर भीड़ अधिक होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस में तकनीकी खराबी तथा ब्रेक फेल होने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version