


Jamshedpur.मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद में चुनावी बिगुल बजते ही प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि निकाय चुनाव में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को सभी कोषांगों की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने का अल्टीमेटम दिया।
प्रशासन ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए बड़ी पहल की है। अब चुनाव प्रचार, लाउडस्पीकर या जनसभा की अनुमति के लिए प्रत्याशियों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जा रहा है, जहां एक ही स्थान पर सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिल सकेंगी। मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं की सुविधा के लिए उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि मतदान की तिथि से 12 दिन पहले ही घर-घर जाकर वोटर पर्ची का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का सर्वे कर उन्हें दुरुस्त करने का जिम्मा संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है।
निगरानी के लिए ‘फ्लाइंग स्क्वाड’ सक्रिय
बैठक में उपस्थित सामान्य प्रेक्षकों और व्यय प्रेक्षकों की मौजूदगी में तय हुआ कि क्षेत्र में उड़नदस्ता टीमें तुरंत सक्रिय होकर अवैध नकदी और शराब की आवाजाही पर नजर रखेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर लाइसेंसी शस्त्रों को जमा करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। मतदान के दिन पोलिंग पार्टियों के भोजन की जिम्मेदारी माता समितियों को सौंपी गई है।
मेडिकल लीव पर सख्त रुख
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ड्यूटी से बचने वाले कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई कर्मचारी बीमारी का बहाना बनाकर चुनावी ड्यूटी से बचने की कोशिश करेगा, तो उसके आवेदन की जांच विशेष मेडिकल बोर्ड करेगा। बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी और प्रेक्षक मौजूद थे।



