
Jamshedpur. जमशेदपुर में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। अगले पांच दिनों में तापमान तीन से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है। सोमवार को सुबह का तापमान रविवार के मुकाबले 3.5 डिग्री बढ़कर 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सचेत रहने की चेतावनी दी है। इस दौरान लोगों को कुछ निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग के अनुसार, गर्म हवा और बढ़ते तापमान के कारण बाहर निकलते समय पेट भरा रखें। खाली पेट बाहर न निकलें। तेज धूप में निकलने से बचें। स्कूली बच्चों को दोपहर में लौटते समय सावधानी बरतें। पैदल आने-जाने वाले लोग छाता लेकर निकलें और फुल बाजू वाले सूती कपड़े पहनें।
उठने लगी स्कूलों के समय बदलने की मांग
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्कूलों का समय बदलने की मांग तेज हो गई है। शिक्षा सत्याग्रह के संस्थापक अंकित आनंद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने कहा कि दोपहर में स्कूल संचालन से बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उन्होंने स्कूलों का समय प्रातःकालीन करने की मांग की है, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।
