
Jamshedpur. कदमा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। पदमा रोड में शुक्रवार रात चोरों ने महज डेढ़ घंटे के भीतर मकान का ताला तोड़ दिया। इसके बाद लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर चंपत हो गए। घटना के समय परिवार के लोग मेला देखने गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित मकान मालिक विश्वनाथ राना के अनुसार, वे परिवार के साथ शाम करीब 7:30 बजे घर में ताला लगाकर मेला देखने निकले थे।
रात लगभग 8:50 बजे जब वे वापस लौटे, तो चोरी का खुलासा हुआ। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का कुंडी-ताला तोड़ा और सीधे अलमारी को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
आसपास के मकानों और मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में किसी स्थानीय गिरोह का हाथ है या बाहरी अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
