Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: सोनारी की महिला ने एसएसपी कार्यालय के बाहर पेट्रोल लेकर आत्मदाह का प्रयास किया, बेटे की मौत के मामले में मांगा न्याय, पुलिस पर लगाए ये आरोप

Jamshedpur. बेटे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर रविवार को सोनारी निवासी एक महिला ने एसएसपी कार्यालय के बाहर पेट्रोल लेकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड और आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। महिला के अनुसार, उसके बेटे ने 26 जुलाई को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसका आरोप है कि बेटे का एक युवती से प्रेम संबंध था और इसी वजह से उसने आत्महत्या की। युवती भी सोनारी क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। महिला का दावा है कि दोनों के बीच हुई बातचीत से संबंधित कॉल डिटेल, फोटो और वीडियो पुलिस के पास मौजूद हैं। इसके बावजूद अब तक युवती और उसके परिजनों से पूछताछ नहीं की गई है.

महिला ने आरोप लगाया कि बेटे की मौत के बाद से वह लगातार सोनारी थाना का चक्कर लगा रही है। उसका कहना है कि कई बार उसे घंटों थाने में बैठाया जाता है और रोज थाना में हाजिरी लगाने के लिए कहा जाता है। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी है. रविवार को महिला अपनी शिकायत लेकर एसएसपी से मिलने पहुंची थी, लेकिन मंत्री के निधन के कारण कार्यालय बंद था और उसकी मुलाकात एसएसपी से नहीं हो सकी। इसके बाद वह निराश हो गई और पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। सुरक्षा गार्ड और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे रोक लिया.

Exit mobile version