Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: मंईयां सम्मान योजना की राशि के लिए महिलाओं ने लगायी गुहार, बोलीं- सिर्फ दो महीने मिली राशि, फिर बंद कर दी गयी, दर्ज कराया अपना नाम

Jamshedpur. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि पाने के लिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं जमशेदपुर समाहरणालय पहुंचीं. कदमा, उलीडीह, आजाद नगर, धातकीडीह सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई इन महिलाओं ने लंबी कतार में खड़े होकर अपना नाम लिखवाया. महिलाओं ने बताया कि योजना के तहत पहले दो महीने तक उन्हें नियमित राशि मिली, लेकिन उसके बाद अचानक भुगतान बंद हो गया. राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें घर चलाने में काफी दिक्कत हो रही है. कई बार अंचल कार्यालय और जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका. हर बार कोई न कोई कारण बताकर उन्हें लौटा दिया गया.

शुक्रवार को भी जिला मुख्यालय बुलाकर उनका नाम लिखा गया. हालांकि कुछ महिलाओं का नामांकन नहीं हो पाया, जिन्हें शनिवार को फिर बुलाया गया है. महिलाओं ने कहा कि गरीबों को यह राशि मिलनी ही चाहिए, क्योंकि सरकार ने यह योजना उनके सम्मान और सहारे के लिए शुरू की थी. उनका कहना था कि योजना का लाभ उन्हें शीघ्र मिलना चाहिए ताकि वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर सकें. उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि जल्द से जल्द उनकी लंबित राशि का भुगतान किया जाए ताकि उन्हें और उनके परिवार को राहत मिल सके.

Exit mobile version