
जमशेदपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विभिन्न आयोजनों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जमशेदपुर में भाजपा जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी के तत्वावधान में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
इस प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने न केवल बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था को सशक्त किया है, बल्कि भारत की वैश्विक पहचान को भी नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है।
प्रदर्शनी में मोदी सरकार के पहले, दूसरे और तीसरे कार्यकाल की प्रमुख योजनाएं और नीतियाँ जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जन धन योजना, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, किसानों की योजनाएं, महिला सशक्तिकरण और विदेश नीति में आए परिवर्तन को आकर्षक और सूचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस प्रदर्शनी का मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी ने किया, वहीं धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री संजीव सिंह द्वारा किया गया। मौके पर उपस्थित जनसमूह को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी की हर झलक से रूबरू कराया।
इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंडी चरण साव, गुंजन यादव, रीता मिश्रा, श्वेता कुशवाहा, डॉ. जटाशंकर पांडेय समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
प्रदेश अध्यक्ष मरांडी ने अंत में कहा कि यह प्रदर्शनी जनता को यह समझाने का माध्यम है कि कैसे केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र को जमीनी स्तर पर साकार किया है।
