
Ranchi. झारखंड के रांची जिले में मंगलवार को दो वर्षीय एक बच्चे की कथित तौर पर अपने घर के बाहर नाले में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में, कोडरमा जिले में सोमवार से लापता 13 वर्षीय एक लड़के का शव उसके घर के पास मिला। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रांची के सदर थाना क्षेत्र की मौलाना आजाद कॉलोनी में बच्चा और उसका बड़ा भाई अपने घर के बाहर खेलते समय नाले में गिर गए। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया, उनकी मां ने उन्हें नाले से बाहर निकाला लेकिन छोटे बच्चे की मौत हो गयी।”
इधर, एक अन्य घटना में कोडरमा में नाबालिग का शव मंगलवार को उसके लापता होने के एक दिन बाद मरकचो थाना क्षेत्र में उसके घर के पास से बरामद किया गया। मरकचो थाना प्रभारी नंद किशोर तिवारी ने बताया,लड़का सोमवार सुबह से लापता था। कल (सोमवार को) हमारी तलाशी व्यर्थ रही। आज (मंगलवार) सुबह उसके घर के पास से उसका शव बरामद हुआ। उसके परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने लड़के की हत्या का आरोप लगाते हुए मरकचो-बरियाडीह सड़क को दो घंटे तक जाम कर दिया।
दोषियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया। अधिकारी ने बताया कि नाबालिग के शव को कोडरमा स्थित सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के बड़े भाई के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।
