
Hazaribag. झारखंड के हजारीबाग शहर में 20 अप्रैल को होने वाली एक ग्रैंड शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. यह शादी कमांडो सिक्योरिटी संचालक टुनटुन सिंह के भांजे ऋषभ सिंह की शादी है. उनकी दुल्हन का नाम निधि सिंह है. दरअसल, हजारीबाग में ग्रैंड शादी के संगीत समारोह ने रविवार की रात को यादगार बना दिया. 20 अप्रैल को व्यवसायी नवल किशोर सिंह के पुत्र ऋषभ सिंह व निधि सिंह की शादी है. रोशनी, संगीत और सितारों की चमक से सजा यह आयोजन किसी बड़े फिल्मी अवॉर्ड शो से कम नहीं दिखा. समारोह के खास आकर्षण रहे बॉलीवुड के डांस लीजेंड गोविंदा. जिन्होंने अपने ही सुपरहिट गानों पर मंच संभालते ही माहौल को झूमने पर मजबूर कर दिया. गोविंदा ने दूल्हे के साथ भी स्टेज पर कदम मिलाये. कार्यक्रम के दौरान गोविंदा ने कहा कि आमतौर पर वह निजी शादियों में प्रस्तुति नहीं देते, लेकिन इस आयोजन से जुड़कर उन्हें खास खुशी हो रही है.
यहां का माहौल और उत्साह अलग है, इसलिए यहां परफॉर्म करने का निर्णय लिया. हजारीबाग में आयोजित यह संगीत समारोह शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां ग्लैमर, परंपरा और आधुनिकता का संगम देखने को मिल रहा है. संगीत समारोह में बॉलीवुड और भोजपुरी गानों पर मेहमान देर रात तक थिरकते रहे. पूरे आयोजन में अत्याधुनिक लाइटिंग और साउंड सिस्टम ने चार चांद लगा दिये. मेहमानों के लिए यह संगीत समारोह सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि एक यादगार अनुभव बन गया. इस शादी समारोह में बिहार विधानसभा के स्पीकर डॉ प्रेम कुमार भी शामिल हुए.
उम्मेद महल की तर्ज पर तैयार किया जा पंडाल
शादी का मुख्य आकर्षण इसका भव्य पंडाल है, जिसे राजस्थान के प्रसिद्ध उम्मेद महल की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है. टुनटुन सिंह ने बताया कि इस शाही पंडाल के निर्माण पर करीब दो से तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. पंडाल करीब 3 एकड़ में है.
एक महीने से चल रहा है काम
पिछले एक माह से बंगाल के कुशल कारीगर दिन-रात मेहनत कर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं. पंडाल की नक्काशी, डिजाइन और सजावट लोगों को राजसी वैभव का एहसास कराएगी.
