


Chatra.चतरा जिले में शादी को लेकर हुए झगड़े के बाद 24 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर अपने पुरुष मित्र की चाकू से हमला करके हत्या कर दी. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लातेहार जिले के सासंग गांव का रहने वाला मोहम्मद मुंतजिर (34) बृहस्पतिवार शाम को चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा गांव में अपनी महिला दोस्त शब्बू प्रवीन उर्फ नूरजहां से मिलने पहुंचा था. उन्होंने बताया कि उनके बीच शादी को लेकर झगड़ा हो गया और इसी बीच नूरजहां ने मुंतजिर पर चाकू से हमला कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मुंतजिर को तुरंत इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रिम्स-रांची रेफर कर दिया गया. लेकिन रांची ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि नूरजहां को गिरफ्तार करके अपराध में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया गया है. लावालोंग थाने के प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने कहा, ‘‘अपनी मौत से पहले पीड़ित ने बयान दिया था जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई. शुक्रवार को अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.



