


Latehar. लातेहार जिले में बुधवार की देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसापाट घाटी में बारात से लौट रही सवारी गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए हैं. घायलों में नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जानकारी के अनुसार बेलवार गांव से बारात ओरसा गई थी. शादी समारोह के बाद सभी बाराती एक सवारी गाड़ी से वापस लौट रहे थे.
रास्ते में ओरसापाट घाटी में गाड़ी पलट गई. इस हादसे में बेलवार गांव के हेलारूस बेग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनील नगेसिया ने महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं. इनमें से धर्मपाल नगेसिया, लवकुश कुमार, सतपाल नगेसिया, अर्जुन नगेसिया, अनूप नगेसिया, अनीता नागेसिया, बीनसरी देवी और सुनीता देवी समेत नौ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है. हादसे की जानकारी मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मेंढारी गांव के ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गाड़ी में क्षमता से अधिक लोगों का सवार होना और ड्राइवर का नशे में होना बताया जा रहा है. हादसे की पूरी जांच की जा रही है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.



