

Ranchi. भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने पलामू जिले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को एसीबी की टीम ने जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड में छापेमारी कर रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रोजगार सेवक ने एक ग्रामीण से कूप (कुआं) निर्माण की राशि आवंटित करने के नाम पर कमीशन की मांग की थी। लाभार्थी पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, ऊपर से सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत के दबाव ने उसे परेशान कर दिया। अंततः थक-हारकर पीड़ित ने इसकी लिखित शिकायत मेदिनीनगर स्थित एसीबी कार्यालय में की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्रारंभिक और गुप्त जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके तुरंत बाद एक विशेष धावा दल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।
शुक्रवार को जैसे ही लाभार्थी ने रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम को रिश्वत के 7 हजार रुपये थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के हाथ धुलवाए गए, तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण है।

इस कार्रवाई के बाद से पूरे प्रखंड कार्यालय और जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पलामू मुख्यालय ले आई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।



