Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: आस्था ज्वेलर्स चास लूटकांड के सभी आरोपी बिहार गिरोह के, पटना STF ने छह लुटेरों को पकड़ा, 23 सोने की अंगूठी, छह मंगलसूत्र, सोने का एक ब्रेसलेट बरामद

Bokaro.चास थाना क्षेत्र के बाइपास रोड स्थित आस्था ज्वेलर्स में सोमवार की शाम हुई लूट की घटना का उदभेदन हो गया है. 24 घंटे के अंदर मंगलवार को पटना (बिहार) एसटीएफ ने पटना में सभी छह लुटेरों को कार सहित पकड़ लिया है. गिरफ्तार सभी युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष है. सभी बिहार के रहनेवाले हैं. गिरफ्तार अपराधियों में पटना सिटी का राहुल पटेल उर्फ डायमंड, कुमारबाग बेतिया का रौशन सिंह, वैशाली नगर का नितेश तिवारी, मोतिहारी केसरिया का आदित्य राज, मोतिहारी का प्रिंस कुमार सुमन व मुसाफिर हवारी शामिल हैं.

गिरफ्तारी के वक्त इनके पास से पटना एसटीएफ को 23 सोने की अंगूठी, छह मंगलसूत्र, सोने का एक ब्रेसलेट व 13 हजार 820 रुपये नकद मिला है. गिरफ्तारी की सूचना बोकारो एसपी हरविंदर सिंह को मिली. इसके बाद एसपी द्वारा गठित एसआइटी के पुलिस अधिकारी पटना रवाना हो गये. मामले में संचालक जितेंद्र कुमार ने चास थाना में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज करायी. घटना के विरोध में चास बोकारो के सभी ज्वेलर्स प्रतिष्ठान संचालकों ने प्रतिष्ठान को बंद रखा.

आस्था ज्वेलर्स चास बाइपास में लूट की घटना को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी बाइक से आइटीआइ मोड़ पहुंचे. वहां पहले से लुटेरों के दो साथी कार लेकर तैयार थे. आइटीआइ मोड़ पर बाइक छोड़कर सभी छह लुटेरे कार से टाटा हाइवे की ओर भाग निकले. पुरुलिया होते हुए सभी झारखंड से बाहर निकल गये. घटना के बाद झारखंड एसटीएफ व बिहार एसटीएफ को लुटेरों के भागने की भनक मिली. दोनों राज्यों के एसटीएफ ने इनपुट के आधार पर लगातार उनका पीछा करना शुरू किया. बिहार के पटना में प्रवेश करते ही पटना एसटीएफ ने सभी को कार में ही दबोच लिया.

पटना से सीधे चास पहुंचे व लूटा

गिरफ्तार सभी अपराधियों का संबंध बिहार के बेतिया व हाजीपुर से है, जो बिहार के गिरोह क्राइम गैंग से जुड़े है. इससे पहले इस गैंग ने धनबाद के बैंक मोड़ व जमशेदपुर सिटी में ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में लूट की घटना को अंजाम दिया है. सभी की तलाश लगातार झारखंड व बिहार के एसटीएफ को थी. पटना से कार लेकर सोमवार की शाम चास पहुंचे. इसके बाद शाम को ही आस्था ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया. लूट के बाद तुरंत शाम को ही बिहार के लिए रवाना हो गये.

जितेंद्र ने चास थाना में दर्ज करायी प्राथमिकी

बाइपास रोड चास निवासी जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को चास थाना में लूट की प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि बाइपास रोड चास में आस्था ज्वेलर्स का संचालक हूं. 23 जून को संध्या छह बजकर नौ मिनट पर लगभग चार अपराधी दुकान में घूस कर मुझसे चांदी की अंगूठी मांगी. मैंने कहा कि चांदी की अंगूठी नहीं बेचता हूं. इसके बाद सोने की अंगूठी दिखाने की मांग की. मैंने कहा कि मेरे पास स्टाफ नहीं है. इतने में चारों अज्ञात व्यक्ति ने पिस्टल व रिवाल्वर निकाल कर मुझ पर व मेरे स्टाफ समीर के ऊपर तान दिया. कहा कि तुम्हारी दुकान में जो भी जेवर पैसा है, निकाल कर दो. वर्ना गोली मार देंगे.

श्री कुमार ने कहा है कि भयवश मैंने अपनी दुकान के कैश काउंटर में रखे लगभग 60 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात दे दिये. चारों अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखा कर दुकान से सोने-चांदी के जेवरात खुद निकाल कर अपने पास रखे बैग में रख लिया. मेरी दुकान में लगे सीसीटीवी में उपरोक्त घटना को देखा जा सकता है.

Exit mobile version