

Ranchi. राजधानी रांची के चर्चित बड़गाई अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब 24 सितंबर को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पीएमएलए की कोर्ट में हाजिर होंगे. उसी दिन बड़गाई जमीन विवाद मामले में आरोप गठन पर सुनवाई होगी. आज 21 सितंबर को मुख्यमंत्री की ओर से एएजी अच्युत केशव कोर्ट में हाजिर हुए. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि किस वजह से सुनवाई की अगली तारीख 24 सिंतबर तय हुई है. मुख्यमंत्री को 19 सितंबर को पीएमएलए कोर्ट में पेश होना था. लेकिन उनके अधिवक्ता ने सीएम की व्यस्तता का हवाला देते हुए पेश होने में असमर्थता जताई थी. इस आधार पर विशेष अदालत के न्यायाधीश योगेश कुमार ने पेशी के लिए 21 सितंबर की तारीख तय कर दी थी. अब सुनवाई की अगली तारीख 24 सितंबर तय हो गई है.
हाईकोर्ट से नहीं मिली थी राहत
दरअसल, बड़गांई की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़ा मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट इंटरलोक्यूटरी एप्लीकेशन दाखिल कर विशेष अदालत में पेशी से छूट का आग्रह किया था. लेकिन 18 सितंबर को सुनवाई के दौरान जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत ने उनकी आईए याचिका को खारिज कर दिया था.

