Jamshedpur. स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को शहर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान बिष्टुपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्कूल बसों, छोटे वाहनों, वैन और ऑटो की जांच की गई। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों की बारीकी से पड़ताल की। जांच में जिन वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए, उनके संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने की हिदायत दी गई।

वहीं, यातायात नियमों और परिवहन विभाग के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया। परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। किसी भी तरह की लापरवाही बच्चों की जान को खतरे में डाल सकती है। विभाग ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।


