


Ranchi.झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में आवेदन के लिए अधिकतम उम्र सीमा चार साल बढ़ा दी गई है. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शनिवार को सरकार को इस निर्णय से अवगत कराया. झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 के लिए आयु गणना की तिथि 1 अगस्त 2026 तय की गई थी. मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, अब आयु सीमा की कटऑफ तिथि अगस्त 2022 होगी. सरकार के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है.
उल्लेखनीय है कि राज्य में नियमित रूप से सिविल सेवा परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी निर्धारित अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके थे और परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो रहे थे. पिछले दो दिनों से सदन में कई विधायकों ने कटऑफ तिथि में छूट देने की मांग उठाई थी. अभ्यर्थियों की ओर से भी आठ वर्ष तक की आयु छूट देने की मांग की जा रही थी.



