Site icon Lahar Chakra

Jharkhand BJP: झारखंड में हेमंत सरकार के खिलाफ बीजेपी की तैयारी, एक साल पूरे होने पर पार्टी जारी करेगी ‘आरोप पत्र’, 7 सदस्यीय समिति तैयार करेगी मसौदा

Ranchi. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने राज्य की झामुमो नीत गठबंधन सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर ‘आरोप पत्र’ जारी करने का निर्णय लिया है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. भाजपा द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने ‘आरोप पत्र’ का मसौदा तैयार करने के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया है.

राज्य भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने समिति की घोषणा करते हुए कहा, ‘पार्टी ‘आरोप पत्र’ के माध्यम से हेमंत सोरेन सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी. राज्य के लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)के नेतृत्व वाली सरकार के तहत नहीं पूरे किये गए वादों, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति में गिरावट से परेशान हैं.’ सात सदस्यीय समिति में पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप साही, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद गीता कोरा और अंत्योदय के संपादक रवींद्र नाथ किशोर शामिल हैं.

झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार इस महीने अपने दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा करेगी. झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर, 2024 को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. पिछले साल 81 सदस्यीय विधानसभा में झामुमो, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वाम गठबंधन ने कुल 56 सीटें जीती थीं.

Exit mobile version