
Ranchi. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने पटना में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में सोमवार को यहां प्रदर्शन किया। रविवार को पटना में जब एक कार्यक्रम के दौरान एक श्रोता ने कहा था कि ‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’ तो खरगे ने कहा,‘मोदी का बाप भी जाएगा।राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139 जयंती के अवसर पर पटना में इस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी समेत सैंकड़ों भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से कांग्रेस कार्यालय तक मार्च किया।
साहू ने कहा, ‘कांग्रेस और उसके प्रमुख नेता हमारे प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने का कोई मौका नहीं छोड़ते। खरगे ने प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता का जिक्र करते हुए उनके खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की। उनकी इन टिप्पणियों से पूरे देश में लोगों में आक्रोश है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना बंद करें’ और ‘प्रधानमंत्री का अपमान भारत बर्दाश्त नहीं करेगा’ जैसे नारे भी लगाए। साहू ने कहा,‘‘खरगे की अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ पार्टी का हर कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आया है।

