
Ranchi. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव 13 जनवरी को रांची में होगा. पार्टी के एक पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. भाजपा ने पहले ही केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव को झारखंड के लिए पार्टी का राज्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है. वह इस चुनाव की निगरानी करेंगे. भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि राज्य चुनाव अधिकारी के निर्देश पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया दोपहर 12 बजे से अपराह्न दो बजे तक रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगी. नामांकन पत्रों की जांच अपराह्न दो बजे से तीन बजे तक की जाएगी और उम्मीदवार तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच अपना नामांकन वापस ले सकते हैं.
वर्मा ने कहा कि यदि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करते हैं तो उस पद के लिए चुनाव कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि नए प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की आधिकारिक घोषणा 14 जनवरी को की जाएगी. झारखंड भाजपा का संगठनात्मक चुनाव पिछले एक साल से जारी है. हाल ही में पार्टी के मंडल और जिला स्तर के चुनाव पूरे हुए हैं. रविवार को राज्य भाजपा ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों को सम्मानित किया
