
Ranchi.भारतीय जनता युवा मोर्चा की झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक देवघर में शुरू हुई. इसका उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार ने विधानसभा में झारखंड में एसआइआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) नहीं लागू करने का संकल्प पारित किया है. देश में कांग्रेस के साथ मिलकर अन्य नेता एसआइआर का विरोध कर बांग्लादेशी घुसपैठियों को सुरक्षित करने के लिये अपना वोट बैंक बनाने में लगे हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड में एसआइआर रोकने का षडयंत्र सफल नहीं होने दिया जायेगा. एसआइआर रोकने के प्रयास किये गये तो भाजपा अपने युवा मोर्चा के साथियों के साथ जोरदार आंदोलन करेगी. झारखंड में भी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और राशन कार्ड बनाकर बांग्लादेशी घुसपैठिये बस गये हैं. चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार वर्ष 2014 से 2019 के बीच झारखंड का वोट प्रतिशत 10.2 था, लेकिन वर्ष 2019–2024 के बीच यह 16.7 प्रतिशत हो गया. रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों से झारखंड की शांति भंग हो रही है.
मरांडी ने कहा कि आंदोलन करने वालों को दमनकारी नीति से कुचला जा रहा है. आंदोलनकारियों पर झूठे केस दर्ज किये जा रहे हैं. झारखंड जनक पूर्व पीएम अटल जी के नाम से चल रहे अटल क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.