Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Cold Weather: झारखंड के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप, गुमला में पारा 3 डिग्री दर्ज, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, जानें कहां कितना रहा तापमान?

Ranchi. झारखंड के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। इस दौरान गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को 11 जिलों में शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. केंद्र ने रविवार सुबह 8.30 बजे तक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, रामगढ़, बोकारो और खूंटी जिलों में ‘येलो अलर्ट’ (सचेत रहें) जारी किया है.

आईएमडी द्वारा शनिवार सुबह जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, गुमला में तीन डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किये जाने के साथ यह राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा. इसके बाद, खूंटी में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बुलेटिन के अनुसार, डालटनगंज और बोकारो में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.1 डिग्री सेल्सियस और 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके मुताबिक, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि लातेहार में यह 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम बुलेटिन में दी गई जानकारी के अनुसार, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर में 9.4, कोडरमा में 9.5 और देवघर में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. रांची मौसम केंद्र के उप-निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि तापमान में गिरावट उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण हो रही है जो झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर सक्रिय है.

उन्होंने बताया, “अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है. इसके बाद, इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.

Exit mobile version