


Ranchi. कांग्रेस की झारखंड इकाई ने राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों से अपने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत लगभग 16 लाख हस्ताक्षरित फॉर्म एकत्र किए हैं. पार्टी के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी. हस्ताक्षरित फॉर्म को विशेष रूप से डिजाइन किए गए वाहन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय भेजा गया, जिसे झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रभारी के. राजू ने रांची स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. महतो ने कहा, ‘‘यह अभियान 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक एक महीने के लिए निर्धारित किया गया था. बाद में इसे 10 दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया. त्योहारों और अन्य चुनौतियों के बावजूद हमारा हस्ताक्षर अभियान संतोषजनक रहा.
राजू ने कहा कि उन्होंने राज्य भर के मतदाताओं से लगभग 16 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं. राजू ने कहा कि उन्होंने अभियान के माध्यम से पांच मांगें रखीं, जिनमें सार्वजनिक जांच के लिए तस्वीरों के साथ एक मशीन पर पढ़े जा सकने वाली मतदाता सूची प्रकाशित करना,
हर चुनाव से पहले तस्वीरों के साथ हटाए गए सभी मतदाताओं और अतिरिक्त सूचियों को जारी करना, गलत तरीके से हटाए नामों के लिए शिकायत निवारण तंत्र की स्थापना करना, मतदाता सूची में बदलाव के लिए एक स्पष्ट अंतिम तिथि की घोषणा करना और मतदाताओं को व्यवस्थित रूप से परेशान करने वाले अधिकारियों और एजेंटों पर मुकदमा चलाना शामिल है.



