Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Crime: दो नाबालिग बहनों से सामूहिक बलात्कार, मेले में शामिल होने के बाद घर लौट रही थीं दोनों, तीन आरोपी गिरफ्तार

Gumla. गुमला जिले में दो नाबालिग बहनों के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. यह घटना शनिवार रात भरनो थाना क्षेत्र में उस वक्त घटी, जब 14 और 16 वर्ष की दो लड़कियां सिसई क्षेत्र में एक गांव के मेले में शामिल होने के बाद घर लौट रही थीं. उन्होंने बताया कि जब दोनों बहनें अत्रकोटा क्षेत्र में पहुंचीं तो उनके घर के पास रहने वाला एक युवक वहां मौजूद था और उसने दोनों को अपने स्कूटर से घर छोड़ने की पेशकश की. भरनो पुलिस थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने कहा, ‘‘जब लड़कियां दोपहिया वाहन पर बैठ गईं तो युवक उन्हें एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसके दोस्त (पहले से ही) इंतजार कर रहे थे और उन्होंने बारी-बारी से लड़कियों के साथ बलात्कार किया.

पीड़िता की मां ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. प्रजापति ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने भरनो थाना क्षेत्र के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.

Exit mobile version