Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: रंगदारी और लेवी के लिए अपराधियों ने फिर मचाया तांडव, फूंक दिये दो हाइवा, कार्रवाई में जुटी पुलिस

Mednipur.पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के जौरा- करमाचराई मुख्य मार्ग स्थित कुटिया मोड़ पर मंगलवार की रात दो हाइवा में आग लगा दी गई. दोनों हाइवा जौरा माइंस से पत्थर लेकर लौट रहे थे. पत्थर को करमाचराई क्रशर पर गिराना था. इस घटना को बाइक सवार 8 से 9 की संख्या में अपराधियों ने अंजाम दिया. सभी छोटे हथियार से लैस थे. सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष के आस पास थी. इस संबंध में बुधवार को दोनों हाइवा चालक के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है.

पुलिस छानबीन में जुट गई है. मंगलवार की रात करीब 10 बजे दोनों हाइवा जौरा माइंस से पत्थर लेकर निकले थे. माइंस से तीन- चार किलोमीटर दूर जाने पर अचानक अलग-अलग बाइक सवार अपराधी पहुंचे और दोनों गाड़ियों को रोककर उनके चालक को नीचे उतारा. हथियार सटाकर उनकी पिटाई की और फिर साथ में लाये पेट्रोल डालकर हाइवा में आग लगा दी. घटना को अंजाम देने के बाद सारे अपराधी खपडवाडीह की ओर निकल गए. इस घटना से रात के समय पत्थर माइंस से निकलने वाले वाहनों के चालकों में हड़कंप मच गया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवध यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों ने इसे अंजाम दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है. छानबीन तेज की गई है.

Exit mobile version