Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: ‘खैनी’ मांगने से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंचा, SP आवास के सामने JDU विधायक के बेटे के गार्ड ने अपने साथी की आंख में मारी गोली, मौत

Chatra. झारखंड के चतरा में मंगलवार को एसपी आवास के सामने एक सनसनीखेज हत्याकांड हो गया। एक निजी सुरक्षाकर्मी ने अपने ही साथी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक और आरोपी दोनों बिहार के गयाजी जिले के बेलागंज की JDU विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव के निजी सुरक्षाकर्मी थे। इनके साथ विधायक के नाम से आवंटित जिला पुलिस बल का सरकारी गार्ड भी चतरा आया था।

जानकारी के अनुसार, चतरा बाइपास निर्माण कार्य से जुड़ी रमिया कंस्ट्रक्शन के मालिक रॉकी यादव किसी काम से SP आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके निजी सुरक्षाकर्मी और जिला बल के जवान के बीच ‘खैनी’ मांगने और पुरानी रंजिश को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पहले हाथापाई हुई और फिर जिला बल के जवान ने अपनी राइफल से निजी सुरक्षाकर्मी पर गोली चला दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुल दो राउंड फायरिंग की। पहली गोली रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर कार की छत से टकराकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली सीधे दूसरे गार्ड की आंख में जा लगी। गोली लगते ही गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग के बाद आरोपी गार्ड ने भागने की कोशिश की, लेकिन SP आवास की सुरक्षा में तैनात सरकारी जवानों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। मृतक की पहचान बक्सर निवासी अतुल सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी गार्ड की पहचान यूपी के अलीगढ़ निवासी बलवीर सिंह के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही चतरा SP अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया SDPO, टंडवा SDPO समेत कई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर गाड़ी को जब्त कर लिया है। मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

Exit mobile version