Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Forest: संयुक्त अभियान में 61 शिकारी गिरफ्तार, सांप का जहर, हिरण और तेंदुए की खाल, 60 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क बरामद

Ranchi. झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के वन अधिकारियों द्वारा पिछले साल नवंबर से इस साल 20 जनवरी के बीच चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान वन्यजीव अपराधों में कथित रूप से लिप्त कुल 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पलामू बाघ अभयारण्य के उप निदेशक प्रजेश जेना ने पत्रकारों को बताया कि यह अभियान तीनों राज्यों के संरक्षित क्षेत्रों में चलाया गया था। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान टीम ने तीन देशी हथियारों के अलावा जहरीले सांप का जहर, हिरण और तेंदुए की खाल तथा लगभग 60 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क भी बरामद किए हैं।

जेना ने बताया कि इस अभियान में बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) स्तर के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। जेना के अनुसार, दक्षिण एशिया के कुछ हिस्सों में वन्यजीव से बने उत्पादों की मांग अधिक है, जहां इन उत्पादों का कथित तौर पर उपयोग औषधीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि मध्य भारतीय वन गलियारों से भी वन्यजीव अपराध होने की खबरें आती हैं इसलिए इनके संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाना जरूरी है

Exit mobile version