Lahar Chakra

Jharkhand Foundation Day: झारखंड स्थापना दिवस के कार्यक्रम में कल्पना सोरेन ने जमशेदपुर की शिल्पा राव संग मिलाया सुर, दर्शकों से बटोरी तालियां

Ranchi. रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड स्थापना दिवस के 25वें वर्षगांठ के अवसर पर रजत पर्व उत्सव का भव्य आयोजन हुआ. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन के साथ परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक क्षण को उत्सव के रूप में मनाया. इस दौरान भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया. जिसमें ड्रोन की सहायता से आकाश में झारखंड की ऐतिहासिक यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया। लोकप्रिय बैंड टॉम मुर्मू एंड बैंड तथा इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक के अलावा बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव ने अपने गीतों से समां बांध दिया. सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में उत्साह का माहौल रहा.

समारोह के दूसरे दिन संगीत की महफिल
समारोह के दूसरे दिन संगीत की महफिल उस समय और ज्यादा खास हो गई जब बॉलीवुड की प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर शिल्पा राव अपनी दिलकश प्रस्तुति दे रही थीं. उनकी आवाज पूरे मोरहाबादी मैदान में गूंज रही थी और दर्शक पूरी तरह सुरों में डूबे थे. इसी बीच एक अनोखा और यादगार पल आया. विधायक कल्पना सोरेन भी मंच के सामने मौजूद दर्शकों के बीच से उठकर शिल्पा राव के साथ स्टेज पर पहुंच गईं. शिल्पा राव के लाइव परफॉर्मेंस का जादू इतना असरदार था कि कल्पना सोरेन अपने आप को रोक नहीं पाईं और उन्होंने मंच पर जाकर बॉलीवुड गीतों पर साथ में गाना शुरू किया.

दोनों ने सुरों को मिलाते हुए बेहद सहज और आत्मीय तरीके से प्रस्तुति दी. यह दृश्य देखते ही दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई. मंच पर यह संगीत संगम इतना खूबसूरत था कि लोग लगातार तालियां बजाते हुए उनका हौसला बढ़ाते रहे.

Exit mobile version