Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Sarkar: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने DGP से ‘नाराज’ होकर सरकारी सुरक्षा और गाड़ियां लौटायीं, ये बतायी वजह?

Ranchi . झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सुरक्षा में अतिरिक्त गाड़ी की तैनाती की मांग पर पुलिस विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज होकर अपनी सरकारी सुरक्षा और गाड़ियां लौटा दी हैं। राज्य के संसदीय मामलों का विभाग भी संभाल रहे मंत्री ने शुक्रवार को स्वयं सुरक्षा वापस करने की जानकारी दी।
किशोर ने बताया कि उन्हें 16 सुरक्षाकर्मी और आने-जाने के लिए तीन गाड़ियां मुहैया कराई गई हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, तीन गाड़ियों में 16 पुलिसकर्मियों को बिठाना व्यावहारिक नहीं है और किसी संकट के समय सुरक्षा के नजरिये से भी यह ठीक नहीं है। इसलिए, मैंने या तो सुरक्षाकर्मियों की संख्या कम करने या एक अतिरिक्त गाड़ी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। मंत्री ने दावा किया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक को 14 मार्च, 21 अप्रैल और 29 जून को पत्र लिखे थे।

किशोर ने कहा, ‘‘दिलचस्प बात यह है कि डीजीपी ने एक मंत्री के पत्रों का जवाब तक नहीं दिया। बाद में, मेरे विभाग के संयुक्त सचिव स्तर के एक अधिकारी ने मुझे नोटिस जारी कर गाड़ी लौटाने को कहा। इसलिए, मैंने सुरक्षाकर्मियों के साथ गाड़ियां लौटा दीं। उन्होंने कहा कि वह माओवाद से प्रभावित पलामू जिले से आते हैं और पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ामों की अहमियत समझते हैं।

किशोर से जब संवाददाताओं ने पूछा कि क्या इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया तो उन्होंने न में जवाब दिया। मंत्री ने कहा, ‘‘अगर मैंने उन्हें (मुख्यमंत्री को) बताया होता, तो मुझे यकीन है कि वह उसी हिसाब से कार्रवाई करते। लेकिन यह पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है। मैं व्यवस्था में सुधार चाहता हूं।’’

Exit mobile version