


Ranchi. झारखंड की राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में इस बार स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में एक बदलाव होने की उम्मीद है. 15 अगस्त 2025 को यहां राज्य के राज्यपाल संतोष गंगवार तिरंगा फहरा सकते हैं. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि 15 अगस्त को स्वर्गीय शिबू सोरेन का मुख्य श्राद्ध कार्यक्रम है. ऐसे में मुख्यमंत्री के लिए मोरहाबादी मैदान में राष्ट्रध्वज फहराना संभव नहीं होगा. सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल ने इस प्रस्ताव पर मौन सहमति दे दी है. अब राज्य सरकार राजभवन से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही है, जो एक-दो दिनों में आने की संभावना है.
आमतौर पर 15 अगस्त को राज्यपाल झारखंड की उपराजधानी दुमका में ध्वजारोहण करते हैं, जबकि राजधानी रांची में यह जिम्मेदारी मुख्यमंत्री निभाते हैं. इसके विपरीत, 26 जनवरी को मुख्यमंत्री दुमका में और राज्यपाल रांची के मोरहाबादी मैदान में झंडा फहराते रहे हैं.



