


Ranchi. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केंद्र सरकार से पांच अलग-अलग उच्च न्यायालयों में पांच न्यायाधीशों को मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की गुरुवार को सिफारिश की. प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली कॉलेजियम ने दिन में हुई बैठक में यह निर्णय लिया. इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को नौ जनवरी को वर्तमान मुख्य न्यायाधीश की सेवानिवृत्ति के बाद उत्तराखंड का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है. मुंबई उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति रेवती पी मोहिते डेरे को मेघालय जबकि इसी अदालत के न्यायमूर्ति एमएस सोनाक को झारखंड उच्च न्यायालय में पदोन्नत करने की अनुशंसा की गई है.
केरल उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ए. मुहम्मद मुश्ताक को सिक्किम उच्च न्यायालय और ओडिशा के न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है. वहीं, एक अन्य निर्णय में कॉलेजियम ने मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौमेन सेन को नौ जनवरी को वर्तमान मुख्य न्यायाधीश की सेवानिवृत्ति के बाद केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित करने की सिफारिश की.



