
Ranchi. झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित आम्रपाली परियोजना में हर दिन लाखों रुपये की अवैध वसूली का मामला सामने आया है. ट्रक मालिकों ने आरोप लगाया है कि इस संबंध में टंडवा थाना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके बाद उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) से शिकायत की है. शिकायत में कहा गया है कि पिछले कई महीनों से आम्रपाली परियोजना में एक फर्जी वाहन मालिक संघ सक्रिय है, जो प्रत्येक ट्रक से 500 से 800 रुपये की अवैध वसूली कर रहा है. यह वसूली प्रतिदिन 2 से 3 लाख रुपये तक पहुंच जाती है.
जानकारी के मुताबिक, 11 जून को ट्रक मालिकों ने निर्णय लिया था कि कोई भी आदमी जबरन वसूली करता है, तो उसे पैसा नहीं दिया जाएगा.इसके बाद वसूली करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए टंडवा थाना को आवेदन दिया गया. लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
डीजीपी को दिए गए आवेदन में ट्रक मालिकों ने बताया कि पहले आम्रपाली परियोजना में सीसीएल द्वारा लोडर स्लिप दिया जाता था. लेकिन अब पैसा लेना शुरू कर दिया गया है. लोडर स्लिप देने का जिम्मा फर्जी वाहन मालिक संघ के हाथ में है. इनका 10 से 15 लोगों का गैंग है, जो वसूली करते हैं.
