
Ranchi. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे. झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सुबह रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर बिरला का स्वागत किया. बिरला ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, मैं बिरसा मुंडा की धरती को नमन करता हूं. यह वीरता, आदिवासी संस्कृति, मूल्यों और परंपराओं की धरती है. झारखंड अपने आदिवासी समुदायों की संस्कृति को संरक्षित करते हुए आधुनिक विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है.
यह धरती हम सभी के लिए प्रेरणा है. इसके बाद वह बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने और हरमू रोड स्थित श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद राजभवन के लिए रवाना हुए.सेठ ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ने रांची में भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी दौरा किया और आदिवासी नायक को पुष्पांजलि अर्पित की.
बिरला सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) के प्लेटिनम जयंती समारोह में भाग लेने के वास्ते जमशेदपुर पहुंचे. वह (बिरला) अपराह्न करीब तीन बजे रांची लौट गये. शाम पांच बजे डंगरा टोली में स्थित स्वर्ण भूमि सभागार में विभिन्न समाजों द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया. सामाजिक और धार्मिक समूहों सहित करीब 156 संगठन उनका स्वागत करेंगे. बिरला सोमवार को नयी दिल्ली लौटेंगे.
