

जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में द्वितीय झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य आगाज हुआ। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में झारखंड के सात जिलों से कुल 154 पैडलर्स हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अतुल कुमार भटनागर, प्रबंध निदेशक, TSUISL ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह में खेल जगत के पदाधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में झारखंड राज्य टेबल टेनिस एसोसिएशन (JSTTA) और खेल विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में जय कुमार सिन्हा, मेंटर, JSTTA; समरजीत सिंह, मानद महासचिव, JSTTA; मुकुल विनायक चौधरी, चीफ, स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट; कैप्टन मनीष सिन्हा, हेड, स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट; प्रवेश नारंग, चेयरमैन, ESDTTA और ओम प्रकाश मिश्रा, संरक्षक, ESDTTA सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
7 जिलों के 154 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल
चैंपियनशिप में मेजबान पूर्वी सिंहभूम के अलावा बोकारो, धनबाद, गढ़वा, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची जिले के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कुल 154 प्रतिभागियों में पूर्वी सिंहभूम के 78 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 109 खिलाड़ी बालक वर्ग और 45 खिलाड़ी बालिका वर्ग के हैं।

