
Bokaro. माराफारी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला बुधवार को प्रकाश में आया. घटना 16 मई की है. छह दिनों बाद पीड़ित परिजनों ने माराफारी थाना में मामला दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य की तलाश में छापेमारी कर रही है.
बुधवार को इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता ने कैंप दो कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह 8.30 बजे एक नाबालिग ने माराफारी थाना में सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जानकारी दी. नाबालिग ने लिखित रूप में बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ 16 मई को घर में बातचीत कर रही थी, इसी बीच स्थानीय राकेश कुमार (40), दीपक कुमार (22), विक्की राय (26) व सूरज कुमार (23) उसके घर में घुस गये.
आरोपितों ने उसके दोस्त के साथ मारपीट और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज (कांड संख्या 41/2025) कर अनुसंधान शुरू कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी दीपक कुमार, विक्की कुमार व सूरज कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया.
