
Giridih. गिरिडीह जिले में दो माओवादियों ने मुख्यधारा में शामिल होने के लिए अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. उन्होंने बताया कि यह आत्मसमर्पण पपरवाटांड स्थित नए पुलिस केंद्र में ‘नयी दिशा-एक नयी पहल’ पहल के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में हुआ.उनकी पहचान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) क्षेत्र समिति के सदस्य शिवलाल हेम्ब्रम उर्फ शिव और दस्ते की सदस्य सरिता हांसदा उर्फ उर्मिला के रूप में हुई है.
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), बोकारो के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अमित कुमार सिंह ने बताया, “दोनों पति-पत्नी हैं. पारसनाथ क्षेत्र की कमान उनके हाथों में थी. उन्होंने अपने पुनर्वास के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘नयी दिशा-एक नयी पहल’ पहल के तहत आत्मसमर्पण किया. कार्यक्रम के दौरान गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार भी मौजूद थे. उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ जिले में 12 से अधिक मामले दर्ज हैं.
