


Ranchi. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) राज्यसभा की दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। कांग्रेस द्वारा एकतरफा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्टी में गहरी नाराजगी है। पार्टी के विधायकों ने शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक में दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने का सुझाव दिया और अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूर्ण अधिकार दे दिया।
अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि झामुमो दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
कांग्रेस ने प्रदेश से दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में एक पर प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन के कुल 56 विधायक हैं और राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 28 मतों की आवश्यकता है। इनमें झामुमो के पास 34, कांग्रेस के पास 16, राजद के पास चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के पास दो विधायक हैं।



