


Devghar. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 जून को दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंच रही हैं. इस दौरान वह बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी. उनके देवघर आगमन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव अलका तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति के दौरे को यादगार बनाने को कहा. इसके लिए हर व्यवस्था को समय रहते पूरा कर लेने का निर्देश दिया. मुख्य सचिव ने इस दौरान विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा.
राष्ट्रपति के आने-जाने वाले मार्ग के लैंप पोस्ट, गैवियन व सड़क स्वच्छता पर विशेष फोकस देने को कहा. राष्ट्रपति के आने से लेकर जाने तक की व्यवस्था की जवाबदेही संबंधित विभागों को देने का निर्देश दिया. डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में चार आइपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मी कमान संभालेंगे. इनमें आइबी और स्पेशल ब्रांच के अधिकारी भी शामिल रहेंगे. वहीं अन्य व्यवस्था की निगरानी नोडल पदाधिकारी के रूप में वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल करेंगे. वहीं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की जवाबदेही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दी गयी है.



