


New Delhi. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर को बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए जाने की सिफारिश की है. न्यायमूर्ति चंद्रशेखर वर्तमान में बॉम्बे हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में सेवारत हैं. झारखंड उच्च न्यायालय उनकी मूल अदालत है. 17 जनवरी, 2013 को झारखंड हाइकोर्ट (रांची बेंच) में एडिशनल जज बने. 27 जून, 2014 को परमानेंट जज के रूप में पदस्थापित. दिसंबर 2023 में झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस रहे.
भारत के प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के तीन सदस्यीय कॉलेजियम ने सोमवार को हुई अपनी बैठक में न्यायमूर्ति चंद्रशेखर के नाम की सिफारिश की. इस कॉलेजियम के अन्य सदस्य न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति विक्रम नाथ थे. कॉलेजियम ने सोमवार को हुई अपनी बैठक में मुंबई उच्च न्यायालय में छह अतिरिक्त न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। ये छह न्यायाधीश हैं- न्यायमूर्ति संजय आनंदराव देशमुख, न्यायमूर्ति वृषाली विजय जोशी, न्यायमूर्ति अभय जयनारायणजी मंत्री, न्यायमूर्ति श्याम छगनलाल चांडक, न्यायमूर्ति नीरज प्रदीप धोटे और न्यायमूर्ति सोमशेखर सुंदरेसन.
कॉलेजियम ने तीन अतिरिक्त न्यायाधीशों – न्यायमूर्ति जॉनसन जॉन, न्यायमूर्ति गोपीनाथन उन्नीथन गिरीश और न्यायमूर्ति चेल्लप्पन नादर प्रतीप कुमार को केरल उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी.
कौन हैं जस्टिस चंद्रशेखर?
जस्टिस श्री चंद्रशेखर का जन्म 25 मई 1965 को हुआ. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के कैंपस लॉ सेंटर से 1993 में LL.B की डिग्री प्राप्त की. 9 दिसंबर 1993 को वे दिल्ली स्टेट बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत हुए. वकालत की शुरुआत दिल्ली से की और 19 साल के करियर में करीब 3,500 मामलों में पैरवी की. सुप्रीम कोर्ट के 140 से अधिक रिपोर्टेड जजमेंट्स में काउंसल रहे. झारखंड राज्य, AICTE, बिहार स्टेट हाउसिंग बोर्ड और इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च के स्टैंडिंग काउंसल भी रहे.
दिसंबर 2023 में झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस रहे. दिसंबर 2024 में राजस्थान हाई कोर्ट में ट्रांसफर हुआ इसके बाद मई 2025 में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बॉम्बे हाई कोर्ट में स्थानांतरण की सिफारिश की, जो 14 जुलाई 2025 को मंजूर हुई और फिर 21 जुलाई 2025 को बॉम्बे हाई कोर्ट में जज के रूप में शपथ ली.



