


Medninagar.रेहला थाना प्रभारी ने एसडीपीओ विश्रामपुर आलोक कुमार टूटी को बुधवार की रात थाना में घुसने से रोक दिया था. इस दिन रेहला थाना के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था. इसकी सूचना एसडीपीओ ने पलामू एसपी को दी थी. इसके अलावा रिपोर्ट भी सौंपी गयी थी. समीक्षा के बाद एसपी रीष्मा रमेशन ने रेहला थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. शहर थाना में पदस्थापित गुलशन बिरुआ को रेहला का नया थाना प्रभारी बनाया है. रिपोर्ट में बताया कि एसडीपीओ को बुधवार की रात को थाना में घुसने से रोका गया था. थाना के गेट को बंद कर दिया गया था. ताकि एसडीपीओ थाना में अंदर नहीं घुस पायें.
जानकारी के अनुसार विश्रामपुर एसडीपीओ आलोक कुमार टूटी बुधवार की रात गश्ती के दौरान अवैध रूप से बालू का उठाव करते हुए ट्रैक्टर को पकड़ा था. एसडीपीओ ट्रैक्टर को लेकर रेहला थाना पहुंचे. लेकिन थाना के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था. एसडीपीओ ने तत्काल थाना प्रभारी को फोन किया. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इस दौरान एसडीपीओ ने मौके पर तैनात ऑन ड्यूटी पुलिस अधिकारी से पूछताछ की. एसडीपीओ को जानकारी मिली कि थानेदार के आदेश पर गेट में ताला लगाया गया है.
एसडीपीओ आलोक कुमार टूटी ने पूरे मामले में एसपी रीष्मा रमेशन को एक रिपोर्ट बनाकर सौंपी थी. एसपी ने मामले में कार्रवाई करते हुए रेहला थानेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. मेदिनीनगर टाउन थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर गुलशन बिरुआ को रेहला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है.



