Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: स्काॅर्पियो पेड़ से टकरायी, एक ही परिवार के नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत, पांच लोग घायल

Hazaribag. इटखोरी के भद्रकाली मंदिर से लावालौंग के लमटा लौट रही स्काॅर्पियो गंधरिया बहेरा कोचा के पास शनिवार को दोपहर पौने दो बजे पेड़ से जा टकरायी. इससे वाहन में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी. वहीं पांच लोग घायल हो गये. मृतकों में लमटा गांव निवासी अमरदीप प्रसाद की नवविवाहिता पुत्री प्रीति कुमारी (23), बहन पिंकी कुमारी (30) व मां विमला देवी (60) शामिल हैं.

घायलों में अमरदीप के दामाद रश्मिकांत साहू, बेटी प्रिया देवी, प्रियंका कुमारी, बेटा राहुल प्रसाद, भतीजी माननी कुमारी व अमरदीप की नतिनी रिमझिम कुमारी (सात) शामिल है. स्कार्पियो में कुल नौ लोग सवार थे. सभी घायलों का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही गंधरिया गांव के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायलों को सदर अस्पताल भेजा. सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शवों को वाहन से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.

प्रीति कुमारी की शादी 20 अप्रैल को ओडिशा के रायबोला सुंदरगढ़ निवासी होमगार्ड जवान रश्मिकांत साहू के साथ हुई थी. शादी के बाद पति-पत्नी बहरोता रस्म के लिए लमटा गांव आये थे. गांव में रस्म पूरा होने के बाद पूजा अर्चना करने के लिए सपरिवार मां भद्रकाली मंदिर गये थे. पूजा कर लौट रहे थे, इस दौरान दुर्घटना घटी.

Exit mobile version