
Medninagar.झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करसो (केल्हार) जंगल से मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवती का अधजला शव बरामद हुआ है। निर्वस्त्र अवस्था में मिले इस शव के कारण पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जंगल में शव देखे जाने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद चैनपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से संदिग्ध और नृशंस हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया और फिर पहचान छुपाने व साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को तेजाब या किसी रसायन से जलाने का प्रयास किया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से पुलिस ने महुआ शराब की बोतलें, चना और नशीला रॉकेट (नशीला पदार्थ) बरामद किया है, जिससे यह साफ होता है कि यहाँ अपराधियों का जमावड़ा लगा था।शव के अत्यधिक जल जाने के कारण फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
