Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: नशा करने के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने अपनी मां को पीट-पीटकर मार डाला

Bokaro. झारखंड के बोकारो जिले में नशीले पदार्थ के सेवन के लिए पैसे देने से इनकार करने पर 60 वर्षीय एक महिला को उसके बेटे ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी को सेक्टर-12 कॉलोनी स्थित उसके आवास पर हुई हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान प्रमिला देवी के रूप में हुई है। बोकारो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजीव रंजन ने कहा, “महिला को शनिवार रात उसके बेटे राजू कुमार ने डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी नशीले पदार्थों के सेवन के लिए अक्सर अपनी मां से पैसे मांगता था। अधिकारी ने कहा, “शनिवार रात महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिससे कुमार अपना आपा खो बैठा और उस पर डंडे से हमला कर दिया। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उसकी 30 वर्षीय बहन की शिकायत पर सेक्टर-12 थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Exit mobile version