


Latehar. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड संघर्ष जनमुक्ति मोर्चा (झासंजमुमो) के सुप्रीमाे राजेश सिंह खरवार उर्फ राजेश सिंह उर्फ टुला को सदर थाना क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.यह जानकारी एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता कर दी है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी के पास से नाइन एमएम कैलिबर का रिवाल्वर, दो कारतूस, दो माेबाइल फोन बरामद किये गये. एसपी ने बताया कि राजेश सिंह खरवार पिछले 12 वर्षो से सक्रिय था. उस पर पहले दो लाख रुपये का इनाम रखा गया था. वर्ष 2016 के बाद राजेश निष्क्रिय हो गया. इस कारण इनाम की राशि हटा ली गयी थी.
एसपी के अनुसार, वह 2012 से फरार चल रहा था. न्यायालय के आदेश पर उसके घर की कुर्की-जब्ती भी की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि थर्ड रेलवे लाइन का निर्माण कर रहे टीटीआइपीएल के संवेदक अंबाकोठी निवासी विकास तिवारी से लेवी वसूली के लिए राजेश ने वाट्सअप पर ऑडियो कॉल कर धमकी दी थी. वहीं वीडियो कॉल कर व हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी थी. सदर थाना में कांड संख्या 26-2025 दर्ज किया गया था. इसकी गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व मेंँ टीम गठित किया गया था. पुलिस ने राजेश को सदर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है.
एसपी ने बताया कि राजेश के खिलाफ लातेहार व गुमला जिला के विभिन्न थाना मे कुल 13 मामला दर्ज है. राजेश का संबंध राहुल सिंह गैंग से भी है. राजेश ने पुलिस को अपने संगठन के अन्य लोगो की जानकारी दी है. जिस पर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई कर रही है. छापामारी अभियान में एसडीपीओ के अलावा पुनि सह थाना प्रभारी दुलड़ चौड़े, पुअनि मनोज कुमार, राजा दिलावर, विक्रांत कुमार उपाध्याय, सअनि कुबेर प्रसाद, हवलदार मनीष रजवार, आरक्षी राहुल दूबे, गौतम पासवान, टिंकू कुमार, राजेश कुमार शर्मा, ध्रमेंद्र सिंह तथा सत्येंद्र उरांव के अलावा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे.



