Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे उफनायी बराकर नदी में गिरा, अंधेरे में चालक मदद के लिए 4 घंटे चिल्लाता रहा, स्थानीय युवकों ने बचाई जान

Giridih. गिरिडीह जिले में सोमवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बराकर नदी पुल पर एक पाइप लदा भारी मालवाहक ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा. हादसे के समय रात के करीब दो बज रहे थे. ट्रेलर का टायर अचानक फिसल गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया. ट्रेलर में सवार चालक अकील नवाज खान किसी तरह खुद को बाहर निकालने में सफल रहा. वह वाहन के टायर का सहारा लेकर खुद को बहाव से बचाए रखा.
अंधेरे में हादसे के बाद चालक मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाता रहा. इसी बीच नदी के दूसरी ओर से किसी स्थानीय व्यक्ति ने टॉर्च जलाकर संकेत दिया, जिसके जवाब में चालक ने भी अपनी टॉर्च जलाकर अपनी उपस्थिति जताई. यह दृश्य काफी देर तक चलता रहा, जिससे लोगों को अंदाजा हो गया कि नदी में कोई फंसा है और मदद की जरूरत है.
घटना की जानकारी सबसे पहले मछुआरों ने 100 डायल कर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एनडीआरएफ को भी अलर्ट कर दिया. लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया.
पानी के बीच फंसे ड्राइवर की जान स्थानीय युवकों, जितेंद्र कुमार राय, आशीष कुमार राय, अरबाज सहित पांच तैराकों ने बचाई. इन युवकों ने रस्सी के सहारे चालक तक पहुंचने की योजना बनाई. ट्रेलर में फंसे चालक को धीरे-धीरे रस्सी से बांधा गया और करीब चार घंटे की लंबी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. चालक के बाहर आते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली.

Exit mobile version