
Koderma. कोडरमा में बुधवार को हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई. युवक हाथी की तस्वीर लेने के लिए उसके पास पहुंच गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और युवक जमीन पर गिर गया. इसी बीच हाथी ने युवक को सूड से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया फिर पैरों से कुचल कर मार डाला.घटना मरकच्चो प्रखंड के बेलाडीह गांव की है. मृतक युवक की पहचान सद्दाम अंसारी (29) के रूप में की गई है. दरअसल, हाथियों का झुंड रात से ही चोपनाडीह के ग्रामीण इलाकों में घूम रहा था. सुबह में हाथियों ने दो लोगों की बाइक को नुकसान पहुंचाया था.
इसकी सूचना गांव में मिलने के बाद सद्दाम कुछ युवकों के साथ हाथी की तस्वीरें लेने निकला. हाथी ने उन्हें खदेड़ना शुरू कर दिया.इससे अन्य युवक भाग निकले पर सद्दाम का पैर फिसल गया और वह वहीं गिर गया. हाथी ने उसे सूंड में उठाकर कई बार जमीन पर पटका और फिर पैरों तले कुचल दिया. इस हमले में सद्दाम की आंतें बाहर निकल गईं.
मौके पर जुटे ग्रामीणों के प्रयास से हाथी को वहां से भगाया गया. घायल सद्दाम को पहले कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स जाने के दौरान सद्दाम ने दम तोड़ दिया. जयनगर प्रखंड में इससे पहले हाथी चार लोगों की जान ले चुके हैं.
