Devghar. झारखंड के जामताड़ा जिले में मंगलवार को तालाब में डूबने से पांच से सात वर्ष की उम्र के तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, घटना जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेंगायाडीह गांव में हुई. सदर थाने के प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि मृतकों की पहचान अरियान अंसारी, नासिर अंसारी और अमर सोहैल के रूप में हुई है.

उन्होंने बताया कि तीनों की उम्र पांच से सात वर्ष के बीच थी और वे चचेरे भाई थे. उन्होंने कहा, स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए. तीनों बच्चे साथ खेल रहे थे और अपने घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब की ओर चले गए थे. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों बच्चे तालाब में गिर गए और डूब गए. उन्होंने कहा कि परिवारों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने के बाद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिए.


