
Dumka. दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलदली गांव के पास बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन सहित दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि इस घटना में चार लोग घायल हो गये. घायलों का इलाज दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. बताया जा रहा है कि बुधवार को दिन में शिकारीपाड़ा के नवपहाड़ गांव की चूमकई हांसदा की शादी पाकुड़ जिला के पाकुड़िया थाना के बबूईझूटी निवासी निर्मल मुर्मू के साथ संपन्न हुई थी. शाम में शादी के बाद भोज भंडारा भी हुआ़ बुधवार देर रात दुल्हन को ससुराल के लिए विदा कर दिया गया. चार बाइक से दुल्हन सहित आठ लोग बबूईझूटी के लिए रवाना हुए, इस दौरान दुर्घटना घटी.
पत्थर लोड ट्रक से गिरे एक पत्थर के टुकड़े से एक युवक घायल हो गया था उसे ही सभी देख रहे थे : वापसी के क्रम में दलदली के पास पत्थर लोड ट्रक से एक पत्थर का टुकड़ा एक बाइक सवार व्यक्ति के शरीर पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया. चारों बाइक चालक सड़क के किनारे बाइक रोक दी और घायल का हाल चाल लेने लगे. इसी दौरान एक खाली ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में डुनुस सोरेन नामक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि दुल्हन सहित घायल पांच लोगों को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जिसमें इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गयी. गंभीर रूप घायल एक व्यक्ति को यहां से भी रेफर किया गया है. वहीं, तीन घायलों का इलाज फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. इस घटना में दूल्हा बाल बाल बच गया. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
