


Ranchi. रांची जिले में शुक्रवार को एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने के बाद उस पर गोली चला दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर खलारी पुलिस थाना क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे हुई. उन्होंने बताया कि आरोपी ने महिला को रोका उस पर गोली चला दी. रांची के पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि महिला को सीने में गोली लगी है. बेहतर उपचार के लिए उसे रांची के आरआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों के आपस में प्रेम संबंध थे.
खलारी पुलिस थाने के प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया, महिला की शादी कहीं और तय हो चुकी थी. इससे परेशान होकर उस व्यक्ति ने यह कदम उठाया, महिला सुबह अपने घर से निकली तो केडीएच मैदान पर उस व्यक्ति ने उसे रोक लिया और उसके सीने में गोली मार दी. उन्होंने बताया, आरोपी मौके से फरार हो गया और अपने घर जाकर उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. स्थानीय लोगों ने घायल महिला को खलारी के एक अस्पताल में भर्ती कराया, और बाद में उसे रांची भेज दिया.
टोप्पो ने बताया कि छत्तीसगढ़ का रहने वाला वह व्यक्ति खलारी में अपने भाई के साथ रहता था, जो सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में काम करता है. अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि उसे हथियार कैसे मिला.



