Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: पत्नी ने की पति की निर्मम हत्या, शव सेप्टिक टैंक में छिपाया, तीन दिन बाद खुद किया खुलासा, पलामू का मामला, शराब और घरेलू हिंसा बनी वारदात की वजह

Medninagar. पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के केकरगढ़ गांव के गरिहारा टोला में पत्नी ने अपने ही पति की निर्मम हत्या कर दी और उसके शव को घर के शौचालय के सेप्टिक टैंक में दफना दिया. मामले का खुलासा तब हुआ, जब हत्या के तीन दिन बाद खुद आरोपी महिला ने ग्रामीणों को इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी. पुलिस ने मृतक बुधन उरांव की पत्नी ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि मृतक बुधन उरांव शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर अपनी पत्नी ललिता देवी के साथ मारपीट करता था. लगातार हो रही घरेलू हिंसा से तंग आ चुकी ललिता देवी ने आखिरकार अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बना ली. घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ, जिसके दौरान ललिता देवी ने आपा खो दिया और पहले बुधन को दांत से काटा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा.

इसके बाद उसने घर में रखी टांगी से बुधन के गले पर वार कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी. अपने पति की हत्या करने के बाद, आरोपी ललिता देवी ने शव को ठिकाने लगाने की सोची. उसने घर के पास ही बने एक पुराने शौचालय के सेप्टिक टैंक में शव को डाल दिया और उसे मिट्टी से ढक दिया. इस खौफनाक राज को ललिता देवी ने पूरे तीन दिनों तक छुपाए रखा. लेकिन अपराधबोध और मानसिक दबाव के चलते आखिरकार उसने गांव के लोगों के सामने सच उगल दिया. ग्रामीणों ने तुरंत इस गंभीर मामले की सूचना पांकी थाना पुलिस को दी. पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी पत्नी ललिता देवी को हिरासत में ले लिया है.

Exit mobile version